काशी, 16 नवम्बर। काशी में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले साहित्यिक समागम “काशी शब्दोत्सव” के तृतीय संस्करण का शुभारम्भ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन सभागार में हुआ। समागम के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी, मुख्य अतिथि श्रीहनुमन्निवास अयोध्या के श्रीमहंत आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण जी एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत चतुर्वेदी थे।
सुनील आंबेकर जी ने कहा कि काशी में आधुनिकता और भारतीय ज्ञान परंपरा का जो अद्वितीय संगम दिखाई देता है, वह हमारे राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और दृष्टि का प्रतीक है। भारत की सांस्कृतिक धारा में नवीनता और परंपरा कभी परस्पर विरोधी नहीं रही; बल्कि नई परिस्थितियों के अनुरूप पुराने ज्ञान का पुनर्मूल्यांकन ही हमारी परंपरा का स्वभाव रहा है। समय चाहे कितना भी बदल जाए, भारत ने हमेशा यही दृष्टि रखी है कि पुराना और नया अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही प्रवाह के दो आयाम हैं। इसी विमर्श हेतु काशी में आयोजित काशी शब्दोत्सव आधुनिक विश्व के कल्याण का मंत्र देगा।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना के समय भी यही भावना केंद्रीय थी- भारत के पारंपरिक ज्ञान को दुनिया के किसी भी कोने से आने वाले आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़कर एक समन्वित शिक्षा प्रणाली का निर्माण। इसी समन्वय ने पूरे देश में राष्ट्रीय शिक्षा आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की और महाराष्ट्र सहित देश के कई भागों में राष्ट्रीय विद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थापना हुई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार स्वयं इसी राष्ट्रीय शिक्षा परंपरा का हिस्सा रहे। अंग्रेज़ी शासन के नील सिटी विद्यालय से वंदे मातरम् कहने पर निकाले जाने के बाद उनकी शिक्षा यवतमाल के राष्ट्रीय विद्यालय में हुई। आगे चलकर उन्होंने कोलकाता के नेशनल मेडिकल कॉलेज में भी अध्ययन किया। जहाँ भारतीय परंपरा और विश्व के नवीनतम ज्ञान का संगम था। यह दर्शाता है कि, भारत ने दुनिया के नए ज्ञान को अपनाते हुए भी अपनी स्वयं की ज्ञानधारा को कभी छोड़ा नहीं, बल्कि उसे और समृद्ध किया।
इसी समन्वित दृष्टि के कारण भारत में ज्ञान की अनेक शाखाएँ विदेशी आक्रमणों और कठिन परिस्थितियों में भी जीवित रहीं। यदि यह प्रयास न होते, तो पश्चिमी साम्राज्यवादी शक्तियों का वह षड्यंत्र सफल होता जो भारतीय ज्ञान और संस्कृति को पूरी तरह समाप्त करना चाहते थे। परंतु हमारी परंपरा की शक्ति के कारण सरस्वती की धारा पुनः प्रवाहित हुई और आज भी हम उसके लाभार्थी हैं। काशी विश्वविद्यालय इसी अखंड परंपरा का सशक्त वाहक है।
आज दुनिया अत्याधुनिक तकनीकों – विशेषतः कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में प्रवेश कर चुकी है। पिछले तीन सौ वर्षों में तकनीक, मशीनों और बाज़ारों ने मानव जीवन को सुविधा तो दी, परंतु अनेक स्थानों पर मनुष्य और प्रकृति के बीच की संवेदनशीलता को क्षीण भी किया। दुनिया के कई देशों में ‘पारिवारिक ढाँचे, सामाजिक रिश्ते और पर्यावरण’ गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। मानव जीवन का मूल प्रश्न केवल तकनीकी उन्नति नहीं है, बल्कि यह है कि, तकनीक को नियंत्रित कौन करेगा? क्या मनुष्य तकनीक का चयन करेगा, या तकनीक और बाज़ार मनुष्य के जीवन का निर्धारण करेंगे? यही आगामी शताब्दी का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है।
भारत के सामने यह चुनौती है कि आधुनिक विज्ञान और तकनीक को अपनाते हुए भी वह अपने ‘सांस्कृतिक मूल्यों – सात्विकता, करुणा, वसुधैव कुटुंबकम् और संतुलित जीवन’ को बनाए रखे। हमारी परंपरा में शक्ति और सात्विकता का मेल ही जीवन को कल्याणकारी बनाता है। शक्ति बिना सात्विकता के विनाश का कारण बनती है; परंतु शक्ति का उपयोग यदि नैतिकता, संयम और विश्व-कल्याण के लिए किया जाए, तो वह सृजन का आधार बनता है।
भारत ने कोविड-19 महामारी के समय इसका प्रत्यक्ष उदाहरण दिया। विश्व के अनेक शक्तिशाली और सम्पन्न राष्ट्र वैक्सीन को बाज़ार और लाभ के दृष्टिकोण से देखते रहे, वहीं भारत ने उसे सेवा और मानवता के दृष्टिकोण से दुनिया के लिए उपलब्ध कराया। यह हमारे सांस्कृतिक संस्कारों का ही परिणाम था।
सुनील जी ने कहा कि आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार में निरंतर प्रगति हो रही है। लेकिन आर्थिक प्रगति के साथ-साथ एक नया विकास मॉडल तैयार करना आवश्यक है। जो केवल GDP आधारित न होकर संस्कृति, पर्यावरण, परिवार, नैतिकता और मानवता पर आधारित हो। पश्चिम के कई देशों ने यह भूल की है कि आर्थिक उन्नति ही जीवन का अंतिम उद्देश्य है और आज वे उसके दुष्परिणाम भोग रहे हैं। भारत को यह भूल दोहरानी नहीं चाहिए।
हमारे पूर्वजों ने हजारों वर्षों तक समृद्धि और उत्कृष्ट संस्कृति – दोनों को साथ रखकर दिखाया था। आज हमें पुनः वही अवसर प्राप्त हो रहा है। इस अवसर को तभी सार्थक बनाया जा सकता है, जब हम तकनीकी प्रगति को भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ें। इस प्रक्रिया में चरित्र निर्माण सर्वोपरि है। चरित्रहीनता किसी भी समाज, संगठन या राष्ट्र की एकता को नष्ट कर देती है। अच्छे चरित्र का निर्माण भी किसी अन्य कौशल की तरह अभ्यास से ही होता है जो बचपन से शुरू होकर आजीवन चलता है।
भारत हजारों वर्षों तक विविधताओं के बावजूद इसलिए एकजुट रहा, क्योंकि उसके लोगों में उच्च चरित्र और नैतिकता थी। यदि आज समाज में तनाव, विभाजन और प्रवंचना दिखाई देती है, तो उसका मूल कारण चरित्र और संस्कारों की कमी है। इसलिए ‘व्यक्ति का चरित्र और राष्ट्र की आराधना’ दोनों साथ-साथ चलते हैं।
IIT मुंबई में चल रहा एआई और भारतीय ज्ञान–परंपरा का संयुक्त प्रकल्प इस बात का प्रमाण है कि भारत आधुनिक तकनीक को भी सांस्कृतिक दृष्टि से एकात्म करने की क्षमता रखता है। धर्म और संस्कृति को आधुनिक संदर्भ में समझना भी आज अत्यंत आवश्यक है। भारतीय संस्कृति बाइनरी या विभाजनकारी दृष्टि पर आधारित नहीं है। हम मुकाबले में नहीं, बल्कि परस्पर-पूरक दृष्टि में विश्वास रखते हैं। शहर-गाँव, पुरुष-स्त्री, परंपरा-आधुनिकता, विज्ञान-अध्यात्म, भाषा, ये सब विरोध नहीं, बल्कि एक ही अखंड संस्कृति के विविध रूप हैं।
उन्होंने कहा कि संवाद ही हमारी संस्कृति का मूल है। बिना संवाद परिवार, समाज और राष्ट्र नहीं टिक सकते। आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ केवल राजनीतिक संतुलन ढूँढती हैं। परंतु शांति का वास्तविक आधार संवाद, समझ और सहानुभूति ही है। भाषाई विवाद, क्षेत्रीय राजनीति, जातीय विभाजन – ये सब भारत की एकता के विरुद्ध षड्यंत्र हैं। काशी–तमिल संगम जैसी पहल यह दर्शाती है कि संवाद और संस्कृति के माध्यम से भारत की एकात्मता और अखंडता और अधिक सुदृढ़ हो सकती है।
अतः आधुनिक विकास और भारतीय संस्कृति को अलग-अलग देखना एक गंभीर भूल होगी। दोनों को जोड़कर ही भारत दुनिया को एक नया मानवीय, संतुलित और कल्याणकारी विकास मॉडल दे सकता है। इसी दिशा में काशी का यह उत्सव- भारतीय विचार, संस्कृति, संवाद और आधुनिक दृष्टि-सभी को एक मंच पर लाकर हमें मार्गदर्शन देता है और बताता है कि, भारत का भविष्य केवल अर्थव्यवस्था से नहीं, बल्कि संस्कृति, चरित्र और समन्वित ज्ञान से निर्धारित होगा।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि एवं अयोध्या हनुमन्ननिवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनंदनी शरण जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति “शब्दों में साँस लेती है”। कोई भी समाज अपने शब्दों को सहेजकर अपनी पहचान सुरक्षित रखता है। कबीर और रामानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से काशी से समरसता का संदेश गया। आज की पीढ़ी अक्सर शब्दों को उतना महत्व नहीं देती, जितना देना चाहिए। हर शब्द की अपनी गर्माहट और शीतलता होती है, और शब्दोत्सव इन सूक्ष्मताओं को पुनः अनुभव कराने में सहायक है।
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह उत्सव भारतीय संस्कृति के पुनरोद्धार और उसकी उन्नति की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रख्यात उड़िया रचनाकार उपेंद्र भज्ज के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के समाज को सांस्कृतिक दृष्टा चाहिए। इसी तरह के विमर्श से समाज को अगला कबीर और अगला शंकराचार्य मिलेगा जो आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन, और ज्ञानवर्धन करेगा। उन्होंने कहा कि शब्दोत्सव समाज को शब्दों, विचारों और भारत की शाश्वत सांस्कृतिक धरोहर को गहराई से जोड़ता है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने मंचस्थ सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंगलाचरण, द्वीप प्रज्ज्वलन एवं बीएचयू के छात्रों द्वारा कुलगीत की प्रस्तुति से हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुचिता त्रिपाठी ने किया।
लोकहित प्रकाशन लखनऊ द्वारा प्रकाशित पुस्तकों – “कृतिरूप संघ दर्शन” के साथ ही “हिन्दू, हिन्दुत्व और भारतीय संस्कृति”, प्रो. उदय प्रताप सिंह की पुस्तक ”भक्त कालीन साहित्य और चित्तिमूलक विमर्श”, प्रो. रचना शर्मा की पुस्तक ”आजादी के रणबांकुरे और काशी”, डॉ. लहरीराम मीणा की पुस्तक “The Hope I left with” का लोकार्पण हुआ।


