मुख्य मंदिर निर्माण संबंधी सभी कार्य पूर्ण

अयोध्या। मुख्य मंदिर निर्माण सबंधी सभी कार्य पूर्ण हो गए हैं अर्थात – मुख्य मंदिर, परकोटा के ६ मंदिर – भगवान शिव, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, सूर्यदेव, देवी भगवती, देवी अन्नपूर्णा तथा शेषावतार मंदिर भी पूर्ण हो चुके हैं। इन पर ध्वजदण्ड एवं कलश भी स्थापित हो चुके हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से यह जानकारी एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी गई।

तीर्थ क्षेत्र की ओर से बताया गया कि इसके अतिरिक्त सप्त मण्डप अर्थात् महर्षि वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, शबरी एवं ऋषि पत्नी अहल्या मंदिरों का भी निर्माण पूर्ण हो चुका है। सन्त तुलसीदास मंदिर भी पूर्ण हो चुका है तथा जटायु और गिलहरी की प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं।

जिन कार्यों का सीधा सम्बन्ध दर्शनार्थियों की सुविधा से है अथवा व्यवस्था से है, वे सभी कार्य पूर्णत्व प्राप्त कर चुके हैं। मानचित्र अनुसार सड़कें एवं फ्लोरिंग पर पत्थर लगाने कार्य L&T द्वारा तथा भूमि सौन्दर्य, हरियाली और लैंड स्केपिंग कार्य सहित १० एकड़ में पंचवटी निर्माण का कार्य GMR द्वारा तीव्र गति से किए जा रहे हैं।

तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि वही कार्य अभी चल रहे हैं, जिनका सम्बन्ध जनता से नहीं है जैसे ३.५ किलोमीटर लम्बी चारदीवारी, ट्रस्ट कार्यालय, अतिथि गृह, सभागार इत्यादि।

Leave a Comment